18 घंटे की तलाश के बाद मिला तीन साल का मासूम, फैजगंज बेहटा पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
केशव गुप्ता
बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लापता हुए तीन वर्षीय मासूम बच्चे को महज 18 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने थाना फैजगंज बेहटा पहुंचकर अपने करीब तीन वर्षीय बेटे के लापता होने की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 255/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया और मासूम की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया।
इसके बाद पुलिस टीमों ने बिना देरी किए बच्चे की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और पतारसी-सुरागरसी के जरिए बच्चे का पता लगाने के प्रयास किए गए। पुलिस की लगातार सक्रियता और मेहनत रंग लाई। 30 अक्टूबर को ग्राम ओरछी से इस्लामनगर जाने वाले मार्ग से लापता मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। महज 18 घंटे में बच्चे की सकुशल वापसी होने से परिवार में खुशी का माहौल हो गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में की गई।
बदायूं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहें। यदि कोई बच्चा लापता होता है तो बिना देरी किए इसकी सूचना नजदीकी थाने या पुलिस को दें, ताकि समय रहते उसकी तलाश की जा सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com