करौरी सैदपुर में पशु आरोग्य मेले का आयोजन, पशुपालकों को दी गई बीमारियों से बचाव और उपचार की जानकारी
केशव गुप्ता
म्याऊं (बदायूं)। म्याऊं ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम करौरी सैदपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला एवं शिविर का आयोजन किया गया। इस क्रम के दूसरे शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान ने फीता काटकर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान पशुपालकों को पशुओं में होने वाली गंभीर बीमारियों, उनके लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही पशुओं की विभिन्न बीमारियों से संबंधित दवाइयों का वितरण भी किया गया, ताकि ग्रामीण अपने पशुओं का बेहतर तरीके से उपचार और देखभाल कर सकें।
इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी म्याऊं डॉ. योगेश कुमार, फार्मासिस्ट सतीश चंद्र सैनी और पशुधन प्रसार अधिकारी राजीव कुमार सहित पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौजूद रही। शिविर के दौरान 1921 एंबुलेंस सेवा भी जुड़ी रही।
फार्मासिस्ट सतीश चंद्र सैनी अपनी पूरी टीम के साथ शिविर में सक्रिय रूप से मौजूद रहे। वह इससे पहले लंबे समय तक ब्लॉक उसावां में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती ब्लॉक म्याऊं में है।
शिविर में पहुंचे पशुपालकों ने पशुओं के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से जरूरी सुझाव लिए। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को पशुओं की बीमारियों के प्रति जागरूक करना, समय पर उपचार उपलब्ध कराने और पशुओं की बेहतर देखभाल के लिए प्रेरित करना रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com