बदायूं: भैंस चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, एक भैंस और 9,100 रुपये बरामद
केशव गुप्ता
उघैती पुलिस ने दो भैंस चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
बदायूं। उघैती थाना पुलिस ने भैंस चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की भैंस और 9,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर 30 अक्टूबर को करनपुर से गदगांव की ओर गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास कच्चे रास्ते से जुगेन्द्र निवासी शेखुपुर, थाना बिसौली और धर्मदास निवासी मुबारकपुर, थाना बिसौली (हाल निवासी भूड़ा बसंतपुर, थाना सिरौली, बरेली) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने जून में गदगांव से एक भैंस और उसका पड़वा चोरी कर 50 हजार रुपये में बेचने तथा इसी महीने की 9 तारीख को शरह बरौलिया से एक भैंस चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, बरामद 9,100 रुपये जून में चोरी की गई भैंस को बेचने से मिली रकम के शेष पैसे हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ उघैती थाने में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। जुगेन्द्र के खिलाफ नौ और धर्मदास के खिलाफ 11 आपराधिक मुकदमों का इतिहास है। धर्मदास की बिसौली थाने में हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com