4:56 pm Tuesday , 27 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में कंस वध के साथ रासलीला-रामलीला का समापन, जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा मैदान

।

वृंदावन के कलाकारों ने स्टेज से मैदान तक किया कंस वध का सजीव मंचन, बाण लगते ही धूं-धूं कर जला कंस का पुतला।

उझानी, बदायूं 27 अक्टूबर ।

कस्बे के रामलीला ग्राउंड में मंगलवार दोपहर कंस वध के साथ इस वर्ष की रासलीला व रामलीला का विधिवत समापन हो गया। श्री रामलीला कमेटी उझानी के तत्वावधान में चल रहे 15 दिवसीय धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन वृंदावन से आए कलाकारों ने कृष्ण-कंस संवाद और युद्ध लीला का ऐसा सजीव मंचन किया कि पूरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा।

दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण की लीला शुरू हुई, पूरा पंडाल खचाखच भर गया। वृंदावन के कलाकारों ने स्टेज से उतरकर मैदान में कंस वध की लीला को जीवंत कर दिया। कृष्ण और कंस के बीच संवाद, गदा युद्ध और अंतिम बाण का दृश्य देख दर्शक भाव-विभोर हो गए।


लीला के अनुसार कंस वध से पहले परंपरा के तहत कंस के विशाल पुतले की पूजा की गई। श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी ने विधि-विधान से पुतले के पैरों में मिष्ठान रखकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु हाथ जोड़े खड़े रहे।

पूजा के तुरंत बाद कृष्ण बने कलाकार ने जैसे ही अपना दिव्य बाण छोड़ा, कंस के पुतले में आग लग गई और देखते ही देखते 25 फीट ऊंचा पुतला धूं-धूं कर जलता हुआ जमीन पर धराशायी हो गया। पुतला गिरते ही मैदान में मौजूद हजारों दर्शकों ने ‘जय श्री कृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के गगनभेदी जयकारे लगाए। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस अलौकिक दृश्य को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।

लीला समापन के बाद मंच पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वृंदावन से आए सभी कलाकारों को श्री रामलीला कमेटी की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी, पूर्व अध्यक्ष धनसुख अग्रवाल आढ़ती, मनमोहन शर्मा, संदीप सक्सेना, कार्तिक अग्रवाल, विजय गोपाल, राहुल वार्ष्णेय सहित कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।

कमेटी अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी ने बताया कि आज विधिवत रासलीला व रामलीला का समापन हो गया है। अब रामलीला ग्राउंड के स्टेज पर केवल प्रायोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने सभी नगरवासियों का सहयोग के लिए आभार जताया और आगामी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.