3:54 pm Monday , 26 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी से कछला तक गूंजा हर-हर गंगे का जयघोष: शरद पूर्णिमा पर मां गंगा में आस्था की डुबकी

उझानी से कछला तक गूंजा हर-हर गंगे का जयघोष: शरद पूर्णिमा पर मां गंगा में आस्था की डुबकी।

आज कल से ज्यादा रही श्रृद्धालुओं की संख्या,हजारों ने लगाई गंगा में डुबकी की सुख-समृद्धि की कामना।

उझानी, बदायूं 26 अक्टूबर ।

शरद की दुग्ध-धवल चांदनी में जब मां गंगा की लहरें चमक उठीं, तो आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। आज शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर प्रसिद्ध कछला गंगा घाट पर ब्रह्म मुहूर्त से ही हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारे गूंजने लगे। शरद पूर्णिमा दो दिन की होने की वज़ह से कल से ज्यादा श्रद्धालु आज स्नान को पहुंचे।

मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से अमृत बरसाता है और इस दिन गंगा स्नान से मनुष्य के समस्त पाप धुल जाते हैं। इसी मोक्षदायिनी आस्था को लेकर उझानी सहित पूरे क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु सुबह से ही कछला घाट पहुंचे। भक्तों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। तड़के ही हाइवे से टोलियां कछला के लिए रवाना हुईं, पूरे रास्ते गंगा मैया के भजन गूंजते रहे।

शरद पूर्णिमा स्नान के महत्व को देखते हुए प्रशासन ने भी पूरी तैयारी कर रखी है। घाट पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय गोताखोर तैनात किए गए हैं।

भीड़ के कारण जाम से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू किया था। बदायूं, बरेली, अलीगढ़ और एटा की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए घाट से करीब 500 मीटर पहले ही वाहनों की पार्किंग बनाई गई है, ताकि भीड़ का दबाव घाट पर न पड़े। इससे भक्तों को थोड़ा पैदल चलकर घाट तक जाना पड़ रहा है, लेकिन चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि मां गंगा के दर्शन की लालसा और भक्ति का तेज है।

शरद पूर्णिमा पर गंगा तट का ये विहंगम दृश्य बता रहा था कि गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, उत्तर प्रदेश की आत्मा है, जो हर मन को पवित्र कर देती है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.