।


पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने की पूजा-अर्चना।
उझानी, बदायूँ 26 अक्टूबर ।
नगर में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ,पूर्व मंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल ने मोहल्ला बहादुरगंज स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रिविन काटकर शोभायात्रा को रवाना किया।
मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर व आरती उतारकर मंत्री ने शोभायात्रा की शुरुआत की। ढोल-नगाड़ों और जय वाल्मीकि के जयकारों के साथ शोभायात्रा बहादुरगंज से शुरू होकर मुख्य बाजार, बिल्सी रोड, महाराज अग्रसेन मार्ग, घंटाघर होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी।
शोभायात्रा के बाजार पहुंचने पर दुकानदारों और व्यापारियों ने महर्षि वाल्मीकि की आरती उतारकर पुष्प वर्षा की। नगर के दर्जनों स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने घरों की छतों से फूल बरसाए।
शोभायात्रा में एक से एक सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। लव-कुश,भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप धारण किए कलाकारों ने सभी का मन मोह लिया। बैंड-बाजे की धुन पर काली अखाड़े के युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए, वहीं नृत्य करते कलाकारों ने समां बांध दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा – महर्षि वाल्मीकि जी ने हमें रामायण जैसा महान ग्रंथ दिया, जिसने पूरी दुनिया को मर्यादा, समानता और न्याय का संदेश दिया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति जन्म से नहीं कर्म से महान बनता है।
पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार संतों-महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और वंचित समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलकर ही समतामूलक समाज की स्थापना संभव है।
शोभायात्रा में वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख शिशुपाल पाल शाक्य,गोपी बल्लभ शर्मा, टीटू मित्तल, शिवकिशोर माहेश्वरी सहित नगर के गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस प्रशासन सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र सिंह ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। देर शाम शोभायात्रा का समापन मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण के साथ हुआ।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com