2:06 pm Sunday , 25 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में भक्तिरस में डूबी श्री रामलीला महोत्सव की रात: वृन्दावन के कलाकारों ने मयूर नृत्य और लठमार-फूलों की होली से बांधा समा

उझानी में भक्तिरस में डूबी श्री रामलीला महोत्सव की रात: वृन्दावन के कलाकारों ने मयूर नृत्य और लठमार-फूलों की होली से बांधा समा।

तुलस्यान परिवार ने की महाआरती।

उझानी, बदायूँ 25 अक्टूबर ।

शनिवार की रात श्री रामलीला महोत्सव का मंच साक्षात वृन्दावन धाम बन गया। रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक श्री हरि रासलीला मंडल, वृन्दावन के सुप्रसिद्ध पात्रों द्वारा प्रस्तुत दिव्य लीलाओं ने हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मनमोहक मयूर नृत्य से हुआ। भगवान श्री कृष्ण के सखाओं के रूप में सजे बाल कलाकारों ने जब मोर पंखों के साथ नृत्य किया तो ऐसा लगा मानो स्वयं वृन्दावन के वन में मयूर नाच रहे हों। इसके बाद ब्रज की विश्वप्रसिद्ध लठमार होली का मंचन हुआ, जिसमें राधा रानी और गोपियों के लट्ठ और कृष्ण सखाओं की नटखट अठखेलियों ने दर्शकों को खूब हंसाया और भाव-विभोर कर दिया।

रात का सबसे अलौकिक क्षण रहा फूलों की होली। जैसे ही कलाकारों ने एक-दूसरे पर गेंदे और गुलाब के फूल बरसाए, पूरा पंडाल फूलों की वर्षा से सुगंधित हो उठा। दर्शक दीर्घा में बैठे श्रद्धालु भी खुद को रोक नहीं पाए और “राधे-राधे” के जयकारों के साथ इस दिव्य होली में शामिल हो गए। पूरा रामलीला मैदान ब्रज की होली के रंग में रंग गया।


इस पावन अवसर पर महाआरती के मुख्य यजमान के रूप में नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी गोपाल तुलस्यान, राजकुमार तुलस्यान एवं अनिल तुलस्यान सर्राफ सपरिवार उपस्थित रहे। तीनों यजमानों ने पूरे परिवार सहित विधि-विधान से भगवान श्री कृष्ण एवं श्यामा जू श्री राधा रानी की पूजा, आरती एवं माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री रामलीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी , अरविंद शाक्य, मनमोहन शर्मा, धनसुख अग्रवाल , राहुल वार्ष्णेय ने सभी यजमानों का स्वागत किया। उन्होंने भगवान के प्रसाद स्वरूप सभी को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि तुलस्यान परिवार का धर्म और संस्कृति के प्रति यह समर्पण पूरे नगर के लिए प्रेरणादायी है।

देर रात तक चले इस भव्य आयोजन में नगर के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, माताएं-बहनें और युवा उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक स्वर में जय श्री राधे कृष्णा के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.