4:37 pm Friday , 23 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी -क्षमता से अधिक भंडारण पर सील पटाखा गोदाम की फिर खुली सील, स्टॉक चेक कर प्रशासन ने दोबारा किया सील

उझानी -क्षमता से अधिक भंडारण पर सील पटाखा गोदाम की फिर खुली सील, स्टॉक चेक कर प्रशासन ने दोबारा किया सील।

उझानी, बदायूं 23 अक्टूबर।

उझानी-बिल्सी मार्ग पर स्थित सील किए गए पटाखा गोदाम का मामला फिर गरमा गया। शुक्रवार दोपहर एडीएम प्रशासन, एसपी सिटी और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने गोदाम की सील खोलकर स्टॉक की जांच की और जांच के बाद गोदाम को फिर से सील कर दिया।

बता दें कि 3-4 सितंबर को एसडीएम सदर, सीओ उझानी और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने उझानी-बिल्सी रोड स्थित गोदाम पर छापेमारी की थी। नगर के गंजशहीदा निवासी पटाखा कारोबारी पारसमणी वार्ष्णेय के गोदाम में लाइसेंस की निर्धारित क्षमता से अधिक पटाखे और बारूद का भंडारण मिलने पर एसडीएम द्वारा गोदाम को सील किया गया था।

शुक्रवार को हुई कार्रवाई के बारे में एसपी सिटी ने बताया कि पटाखा कारोबारी की मौजूदगी में गोदाम की सील खोलकर स्टॉक चेक किया गया और नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर गोदाम को पुनः सील कर दिया गया।

चर्चा है कि प्रशासन को गोदाम से माल कम होने का शक था या किसी की शिकायत पर दोबारा स्टॉक का सत्यापन किया गया है। हालांकि इस बारे में अधिकारी कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं। बहरहाल, दीपावली से पहले पटाखा गोदामों पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.