
शेखुपुर के पास पोस्टमार्टम हाउस के समीप हादसा, एक हाथ कटा, जीआरपी ने शव को हटाकर बदायूं भिजवाया।
उझानी/बदायूं 22 अक्टूबर ।
उझानी से होकर कासगंज से बरेली सिटी जा रही सवारी गाड़ी ट्रेन संख्या 55327 में आज दोपहर बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन से सफर कर रहे एक 60 वर्षीय वृद्ध की गिरकर चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन करीब आधा घंटा मौके पर ही खड़ी रही।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर करीब 12 बजे कासगंज से बरेली जा रही पैसेंजर गाड़ी जैसे ही शेखुपुर से आगे पोस्टमार्टम हाउस के पास पहुंची, तभी एक वृद्ध अचानक ट्रेन से गिरकर उसकी चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि हादसे में उसका एक हाथ रेलवे लाइन के बीच कटकर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
चालक ने हादसा होते ही इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई पहचान नहीं हो सकी।
बाद में पुलिस ने शव को उठवाकर ट्रेन में ही रखवाया और ट्रेन को बदायूं स्टेशन के लिए रवाना किया। इसके बाद करीब आधा घंटे की देरी से ट्रेन बदायूं रवाना हो सकी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com