


ईओ मणी जी सैनी को सौंपा ज्ञापन, एक माह में एमआरएफ सेंटर हटाने के आश्वासन पर मानीं।
उझानी, बदायूं 22 अक्टूबर ।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के सामने से एमआरएफ सेंटर (डंपिंग ग्राउंड) न हटने पर आज छात्राओं संग शिक्षिकाओं का सब्र टूट गया। प्रभारी वार्डन के नेतृत्व में शिक्षिकाओं और स्टाफ ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नगर पालिका परिषद में जोरदार प्रदर्शन किया और ईओ मणी जी सैनी को ज्ञापन सौंपा।
हाथों में “कचरा हटाओ – बेटी बचाओ” “बदबू नहीं शिक्षा दो” “आवासीय विद्यालय के सामने कचरा डंप बंद करो” जैसे नारे लिखी पट्टिकाएं लेकर शिक्षिकाओं संग छात्राएं नगर पालिका पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से विद्यालय के गेट के सामने पूरे शहर का कचरा और मरे हुए जानवर डाले जा रहे हैं।
24 घंटे परिसर में रहने वाली 200 छात्राओं का सांस लेना मुश्किल हो गया है। चर्म रोग और सांस की बीमारियां बढ़ रही हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
शिक्षिकाओं के विरोध के बाद ईओ मणी जी सैनी ने ज्ञापन लेते हुए फिर दोहराया कि एक माह के भीतर एमआरएफ सेंटर को वहां से हटाकर कूड़े का स्थायी निस्तारण करा दिया जाएगा। तब जाकर शिक्षिकाएं शांत हुईं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com