उझानी में 30 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, 10 दिन की मासूम के सिर से उठा पिता का साया।
उझानी, बदायूं 23 अक्टूबर ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मिहोना में बीती रात एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची कोतवाली उझानी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया।
मृतक की पहचान अमन (30) पुत्र विजेन्द्र निवासी ग्राम मिहोना के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमन की पहली पत्नी से एक पांच साल की बेटी है, जबकि दूसरी पत्नी से 10 दिन पहले ही एक बेटी का जन्म हुआ था।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। गांव वालों के अनुसार अमन जुएं की लत से परेशान था। कुछ लोगों का कहना है कि बृहस्पतिवार को वह जुएं में मोटी रकम हार गया था और पत्नी से भी रुपये लेकर गया था, जिसको लेकर घर में कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात करीब 8 बजे उसने कमरे में फांसी लगा ली। हालांकि जुएं वाली बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों की ओर से कोई शिकायती पत्र मिलता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com