12:33 pm Wednesday , 21 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में कोर्ट के आदेश पर 5 पर मुकदमा दर्ज

उझानी में कोर्ट के आदेश पर 5 पर मुकदमा दर्ज: 50 हजार के लिए युवक को आत्महत्या को मजबूर करने का आरोप।

पिता बोला – बेटे की शादी कराकर जेल भिजवाया, फिर रुपये मांगकर की मारपीट, 14 मई को खेत में पेड़ से लटका मिला था शव।

उझानी (बदायूं) 21 अक्टूबर ।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के ननाखेड़ा गांव के युवक जीनेश कश्यप की मौत के मामले में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के पिता तोताराम उर्फ तोती की तहरीर पर न्यायालय ने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए हैं।

पिता का आरोप है कि अमीरगंज निवासी खुशीराम, उसकी पत्नी श्रीवती, पुत्री पूनम, पुत्र सतीश और ननाखेड़ा निवासी ओमेन्द्र ने उसकी पुत्री पूनम से बात कराकर उसके बेटे जीनेश को हनी ट्रैप में फंसा लिया। आरोप है कि घर वालों से छिपाकर दोनों का विवाह करा दिया और बाद में जीनेश के खिलाफ मुकदमा लिखवाकर उसे जेल भिजवा दिया।

तहरीर के अनुसार जेल से आने के बाद पांचों लोग 50 हजार रुपये की मांग करने लगे। पैसे न देने पर जान से मारने और दोबारा झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जा रही थी, जिससे जीनेश काफी गुमसुम और अवसाद में रहने लगा था।

पिता के मुताबिक 15 अप्रैल 2026 को वह मुकदमे की तारीख पर न्यायालय गया था, तभी आरोपियों ने कचहरी के बाहर जीनेश के साथ मारपीट की। इस संबंध में कचहरी चौकी पर तहरीर भी दी गई थी।

परिजनों के अनुसार 13 मई की रात घर में शादी की व्यस्तता के बीच जीनेश घर से चला गया। 14 मई की सुबह गांव के चरवाहों ने सूचना दी कि उसका शव गांव के बाहर सत्तलन के खेत में पेड़ से लटका हुआ है।

पीड़ित का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद वह रिपोर्ट लिखाने उझानी थाने गया तो पुलिस ने तहरीर रख ली, पर कोई कार्रवाई नहीं की। 8 जुलाई को एसएसपी बदायूं को भी प्रार्थना पत्र दिया, फिर भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह न्यायालय की शरण में गया।

न्यायालय के आदेश पर अब कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.