
बदायूं। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मंगलवार को थाना बिनावर की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम बिलहत और घटपुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं, ग्राम प्रधान समूह और महिलाओं को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने योजनाओं के प्रति संतुष्टि जताई और किसी समस्या की जानकारी नहीं दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और आयुष्मान योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090 व 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में बताया गया। जागरूकता के लिए महिलाओं को पंपलेट भी वितरित किए गए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com