8:31 pm Tuesday , 20 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में 3.56 लाख की चोरी का खुलासा, पर खुलासे पर ही उठे सवाल: पहले अलापुर का बताया, अब निकला उझानी का, बरामदगी जीरो।

उझानी (बदायूँ) 20 अक्टूबर ।

घंटाघर स्थित ग्राहक सेवा केन्द्र में वर्ष 2025 में हुई 3 लाख 56 हजार 100 रुपये की चोरी का थाना उझानी पुलिस ने एक साल बाद खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने अयोध्या गंज निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद दिखाया है, लेकिन चोरी की एक रुपया नकदी बरामद नहीं हो सकी है। वहीं पुलिस के दो बयानों ने व्यापारियों को असमंजस में डाल दिया है।

पुलिस के ताजा प्रेस नोट के अनुसार एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना पुलिस ने सोमवार सुबह 9.56 बजे स्टार साइन जिम के पास से अभियुक्त इशरार पुत्र लडैते निवासी अयोध्या गंज, उझानी को गिरफ्तार किया। उस पर ग्राहक सेवा केन्द्र संचालक मनोज गोयल की तहरीर पर मु0अ0सं0 69/25 धारा 305(2) BNS में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद बताया है।

प्रेस नोट में चोरी के खुलासे की बात कही गई है, लेकिन बरामदगी कॉलम में 3.56 लाख का कोई जिक्र नहीं है। सिर्फ तमंचा व कारतूस ही बरामद दिखाया गया है।

व्यापारियों का आरोप है कि जब इस चोरी को लेकर उन्होंने पहले पुलिस पर दबाव बनाया था, तब पुलिस ने जवाब दिया था कि आरोपी अलापुर का है और आए दिन ठिकाने बदल रहा है। इसलिए गिरफ्तारी नहीं हो पा रही।

अब पुलिस खुद बता रही है कि आरोपी उझानी के अयोध्या गंज का ही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पहली बात गलत थी या इस बार की? यह तो कोतवाली पुलिस ही जाने।

व्यापारियों ने कहा कि अगर आरोपी लोकल ही था और उस पर पहले से 10 मुकदमे दर्ज थे, तो उसे पकड़ने में एक साल क्यों लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर कोतवाली, दातागंज, सिविल लाइन, कादरचौक में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर NBW भी जारी था।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.