उझानी रामलीला महोत्सव में लक्ष्मण रेखा-सीता हरण की मार्मिक लीला देख भावुक हुए दर्शक।
8 यजमान परिवारों ने की श्रीराम की महाआरती, अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी ने किया सम्मान।
उझानी (बदायूं) 20 अक्टूबर ।
श्री धर्मार्थ कामधेनु गौशाला द्वारा आयोजित श्री रामलीला महोत्सव 2026 के मंच पर सोमवार रात भक्ति और भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक वृंदावन के प्रसिद्ध श्री हरि रासलीला मंडल के कलाकारों द्वारा लक्ष्मण रेखा और सीता हरण की लीला का इतना सुंदर और मार्मिक मंचन किया गया कि पूरा पंडाल सन्न रह गया।
जैसे ही मंच पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम भिक्षा मांगने आए साधु वेशधारी रावण के सामने माता सीता की विवशता और लक्ष्मण रेखा को लांघने का दृश्य आया, दर्शकों की आंखें नम हो गईं। कलाकारों के सजीव अभिनय, संवाद और संगीत ने उपस्थित हजारों दर्शकों को त्रेता युग में पहुंचा दिया। माता सीता के करुण विलाप और ‘हा राम-हा लक्ष्मण’ की पुकार से वातावरण गमगीन हो गया।





लीला विश्राम के बाद भगवान श्री रामचंद्र जी की दिव्य महाआरती हुई। आरती के यजमान के रूप में नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी परिवार सपरिवार मौजूद रहे –
समाजसेवी अरुण अग्रवाल , रोटरी क्लब क्लासिक के अध्यक्ष गौरव गर्ग , विवेक वार्ष्णेय , अमित गोयल एडवोकेट, सुमित माहेश्वरी , पुलकित भाटिया , सौरभ वार्ष्णेय और अंकुर गोयल सर्राफ सहित सभी यजमानों ने सपरिवार मंच पर पहुंचकर भगवान श्रीराम का माल्यार्पण, पूजन-अर्चन कर आरती की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्री रामलीला महोत्सव के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ‘बंटी’ ने सभी आरती यजमानों को मंच पर अंगवस्त्र ओढ़ाकर और भगवान के प्रसाद स्वरूप स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी ने कहा कि वृंदावन की इस मंडली द्वारा की जा रही लीलाएं न केवल मनोरंजन हैं, बल्कि नई पीढ़ी को हमारे संस्कारों और मर्यादाओं से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने सभी नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लीला का आनंद लेने की अपील की।
देर रात तक रामलीला मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ जमी रही।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com