उझानी में श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण समापन, कृष्ण लीलाओं से गूंजी अवंतिका वाटिका।
बिल्सी रोड की अवंतिका वाटिका में 7 दिन से चल रही कथा में उमड़े श्रद्धालु, कंस वध प्रसंग पर गूंजे जयकारे।
उझानी (बदायूं) 19 अक्टूबर ।
बिल्सी रोड स्थित संजरपुर मार्ग की अवंतिका वाटिका में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का सोमवार को भक्तिमय वातावरण में भावपूर्ण समापन हो गया। धनवती देवी सरस्वती बालिका आवासीय इंटर कॉलेज की प्रबंधिका श्रीमती अंजू चौहान के आयोजन में पूज्य जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी रामचंद्राचार्य जी महाराज ने कथा के अंतिम दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर कंस वध तक के प्रसंगों का ऐसा सजीव वर्णन किया कि पूरा पंडाल “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा।
महाराज श्री ने कथा में अघासुर, बकासुर, तृणावर्त वध, गोपियों के विरह और ब्रह्मा जी द्वारा गायों और ग्वाल-बालों को छिपाने जैसे लीलापूर्ण प्रसंग सुनाए। जब ब्रह्मा जी को भगवान की महिमा का बोध हुआ और उन्होंने क्षमा याचना की, तो उस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिलाओं ने भजन-कीर्तन पर नृत्य कर भक्ति में लीन हो गईं।
कंस वध के प्रसंग को सुनाते हुए महाराज श्री ने कहा कि सत्य, सेवा, करुणा, परोपकार और सद्भाव के साथ जीवन जीना ही सच्चा धर्म है, जबकि अहंकार, अन्याय, अत्याचार और दूसरों को दुःख पहुंचाना अधर्म है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल कथा सुनने का आयोजन नहीं, बल्कि इसके संदेशों को जीवन में उतारकर समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव बढ़ाने का माध्यम है। सच्ची श्रद्धा और निस्वार्थ भक्ति ही व्यक्ति को ईश्वर के निकट ले जाती है।
कथा के समापन अवसर पर आयोजक श्रीमती अंजू चौहान भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से यह धार्मिक अनुष्ठान सफल हुआ है। इस अवसर पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, मेरे राम सेवा संस्थान के अध्यक्ष रवि जी समदर्शी महाराज, जिला पंचायत सदस्य एवं सपा नेता सुनील यादव, गिरीश पाल सिंह सिसोदिया, राहुल शंखधार, हिमाचल सिंह, श्रीमती श्रेष्ठा, अंजू अदलखा, अमिता, बीनू वर्मा, राधा अग्रवाल, प्रतिभा माहेश्वरी, गोपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजक अंजू चौहान ने बताया कि मंगलवार को अवंतिका वाटिका में ही महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से महायज्ञ और भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com