बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को एडीएम-ई अरुण कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन, पार्किंग, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि दोपहिया व चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे न जाने दिया जाए।
यातायात व्यवस्था के तहत कछला की ओर से नवनिर्मित हाईवे पर दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुल और घाट की ओर अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
एएसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों एवं गंगा घाट पर पूरी सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार, ईओ नगरपालिका, चौकी प्रभारी कछला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



