6:48 pm Monday , 17 August 2026
BREAKING NEWS

जिला महिला अस्पताल के ओवरहेड टैंक पर चढ़ी महिला, बोली- “कप्तान साहब को बुलाओ, तभी उतरूंगी”

बदायूं

जिला महिला अस्पताल के ओवरहेड टैंक पर चढ़ी महिला, बोली- “कप्तान साहब को बुलाओ, तभी उतरूंगी”

केशव गुप्ता

बदायूं। जिला महिला अस्पताल परिसर में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अस्पताल के पानी के ओवरहेड टैंक पर चढ़ गई। महिला टैंक की आखिरी सीढ़ी पर बैठी दिखाई दी, जिसे देखकर अस्पताल में मौजूद मरीजों के तीमारदारों और अन्य लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मी महिला से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाते नजर आए।
इस दौरान महिला बार-बार कहती रही कि “मैं आप लोगों के कहने से नीचे नहीं उतरूंगी। कप्तान साहब को बुलाओ, तभी नीचे उतरूंगी और अपनी बात बताऊंगी।” महिला की इस मांग के बाद पुलिसकर्मी उसे समझाने में जुटे रहे।
ओवरहेड टैंक की ऊंचाई अधिक होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बनी रही। अस्पताल परिसर में भीड़ जुटने से काफी देर तक हलचल का माहौल रहा। पुलिस और अस्पताल प्रशासन महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटा रहा।
फिलहाल महिला के टैंक पर चढ़ने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन भी सतर्क हो गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस