शिखर इंस्टीट्यूट में हुआ नवप्रवेशियों का ओरिएंटेशन, करियर और अनुशासन पर दिया गया जोर।
बदांयू 18 अगस्त।
शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग, शेखूपुर में मंगलवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मकसद विद्यार्थियों को संस्थान की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों, करियर की संभावनाओं और अनुशासन से रूबरू कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद संस्थान के प्रबंधन और शिक्षकों का औपचारिक परिचय कराया गया।
इस मौके पर छात्रों को डी.फार्मा, बी.फार्मा और नर्सिंग पाठ्यक्रमों की बारीकियों के साथ ही इन क्षेत्रों में रोजगार और उच्च शिक्षा की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
चरनजीत ने प्रबंधन और फैकल्टी से परिचय कराया। नवनीत ठक्कर ने विभिन्न पाठ्यक्रमों की संरचना और उनके महत्व पर प्रकाश डाला। अक्षांशु पटेल ने छात्रों को करियर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता निश्चित है।
फार्मेसी विभाग से प्रो. (डॉ.) उदय पी.एस. भास्कर ने फार्मेसी शिक्षा में शोध, प्रयोग और नैतिकता पर जोर दिया। नर्सिंग विभाग की ओर से श्रीमती सारिका सिंह ने नर्सिंग पेशे की जिम्मेदारियों और अनुशासन के बारे में बताया। करण थरेजा ने सामान्य अभिरुचि और कौशल विकास को समय की जरूरत बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आर.के. वर्मा ने कहा कि “महाविद्यालयीन जीवन सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है। यह ज्ञान, अनुशासन, कौशल और व्यक्तित्व निर्माण का अहम पड़ाव है।” उन्होंने छात्रों से नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संस्थान के ट्रस्टी आचार्य राजन मेंदीरत्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और व्यावहारिक कौशल को अपनाना ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकगण और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। नवप्रवेशी छात्रों ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह के साथ भागीदारी की।
ओरिएंटेशन प्रोग्राम ने नए छात्रों को न केवल संस्थान से जोड़ा, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत शुरुआत भी दी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



