हर्षाेल्लास से मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस
डीएम ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को किया नमन
बदायूँ: 15 अगस्त। जिलाधिकारी अवनीश राय ने 80वे स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्थल पर जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया, शहीदों के बलिदानों को याद किया। डीएम व अन्य अधिकारियों ने जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान भी हुआ।
शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि हम लोग आज आजादी का जश्न मना रहे हैं, इसके पीछे हमारे पूर्वजों की बहुत बड़ी कुर्बानी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने पद के अनुसार देश की गरिमा को बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। देश को आजादी बड़े बलिदानों, संघर्षों व त्याग के बाद मिली है। भावी पीढ़ी को इसका महत्व समझने की आवश्यकता है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कठिन संघर्ष के बाद आजादी मिली और फिर संविधान लागू हुआ। अमर शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को देश के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित लाभार्थीपरक विभिन्न योजनाओं से लाभार्थी को जो लाभ मिल रहे हैं, वह देश की आजादी की ही देन हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वीर सपूतों के नाम कम से कम दो दीप अवश्य प्रज्जवलित करना चाहिए और अपने बच्चों को वीरगाथाएं सुनानी चाहिएं, जिससे उनके मन में भी वीर सपूतों के प्रति प्रेमभाव रहे। अपर जिलाधिकारी न्यायिक अंजुम बी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह, जिला राजस्व अधिकारी अनुराग सिंह एवं डिप्टी कलेक्टर सुरेन्द्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
विकास भवन में सीडीओ ने किया ध्वजारोहण- मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने विकास भवन परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात आयोजित आयोजित बैठक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारी श्रद्धा, एकता, गौरव और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और साफ-सफाई पर विशेष बल दिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता पर अपने विचार व्यक्त किए। जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र कुमार, डीसी मनरेगा मानसिंह सक्सेना, डीसी एनआरएलएम अजय प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार कुलश्रेष्ठ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका परिषद बदायूँ में सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन/मुशायरा का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य चौराहों पर रंगोली बनाई गई और प्रभात फेरी भी निकाली गई। कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्मार्क, सुभाष चौक, अम्बेडर पार्क, गांधी ग्राउंड, शास्त्री चौक, नेहरू चौक, भामाशाह चौक, भगत सिंह चौक, पटेल चौक, भगवान परशु राम चौक, रानी लक्ष्मीवाई चौक पर मान्यार्पण किया गया। गांधी जन्मशति नेत्र चिकित्सालय, बदायूँ क्लब बदायूँ में भी ध्वजारोहण किया गया। लोची नगला में श्रमदान के साथ ही जिला चिकित्सालय महिला एवं पुरुष राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला कारागार में फल वितरित किए गए। शैक्षिणिक संस्थाओं में ध्वजारोहण के साथ ही खेलकूद, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्वल वर्ग वस्तियों में टीकाकरण किया गया। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






