आशाओं ने भरी हुंकार, धरना-प्रदर्शन के बाद एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
विजय विद्रोही के पक्ष में लगे नारे।
बदायूं 3 नवंबर ।
जनपद में आशा वर्कर्स यूनियन एक्टू के बैनर तले आशा बहनों ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर जमकर हुंकार भरी। शहर के मालवीय आवास गृह पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर आशा बहनों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और शीर्ष नेताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन की कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मुनीषा देवी यादव व संरक्षक दिनेश चंद्र सक्सेना की अगुवाई में जिले भर की आशा बहनें सुबह से ही धरने पर बैठ गईं और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
इस दौरान जिला संरक्षक दिनेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि 23 अक्टूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष विजय विद्रोही समेत पांच अन्य नेताओं पर दर्ज किया गया मुकदमा पूरी तरह फर्जी है। सरकार इसे तुरंत वापस ले और आशाओं की जायज मांगों को जल्द पूरा करे।
वहीं कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मुनीषा देवी ने कहा कि आशा बहनों का उत्पीड़न बंद किया जाए। उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और मानदेय बढ़ाया जाए। लंबे समय से लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी किया जाए।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष शरीना परवेज, मीडिया प्रभारी एम. आरिफ खान, भावना गुप्ता, सुमन रानी, ज्योति दिवाकर, आरती कश्यप, तबस्सुम, शिवा अंजुम, प्रतिभा यादव, गिरजा देवी आदि मौजूद रहीं।
।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com