बिल्सी। नगर के प्रसिद्ध रामलीला महोत्सव प्रांगण में शनिवार की रात माता रानी का भव्य जागरण आयोजित किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दरबार में माथा टेका और भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ के साथ हुआ। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने माता रानी के दरबार में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद मां भगवती का आकर्षक शृंगार कर अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई।
जागरण में पहुंचे गायकों ने माता रानी के एक से बढ़कर एक भजन और भेंट प्रस्तुत किए। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और जयकारों से पूरा प्रांगण गूंज उठा। इस दौरान भगवान भोलेनाथ के अघोरी स्वरूप और राधा-कृष्ण की रासलीला पर आधारित मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजीव वार्ष्णेय, डॉ. श्रीकृष्ण गुप्ता, आदित्य माहेश्वरी, जितेंद्र कुमार वार्ष्णेय, सूर्यप्रकाश देवल, मनीश असावा, शेखर सक्सेना और राहुल माहेश्वरी ने मुख्य यजमान के रूप में माता रानी की महाआरती की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। रविवार की भोर में आरती और प्रसाद वितरण के साथ जागरण का समापन हुआ।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com