अलापुर बदांयू 2 नवंबर ।
अलापुर निवासी कादरचौक थाना के खरखोली खुर्द गांव की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में शहर में प्लॉट न देने पर 10 लाख रुपये की मांग करने और मारपीट कर मायके छोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सहायक पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थिनी प्रियंका पुत्री धर्मपाल निवासी खरखोली खुर्द, थाना अलापुर ने बताया कि उसकी शादी 23 मई 2023 को शेखुपुरा असरासी, थाना कादरचौक निवासी दीप सिंह पुत्र लक्ष्मन प्रसाद के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पिता ने हैसियत से ज्यादा घरेलू सामान, एक सोने की चेन, एक अंगूठी और एक पल्सर मोटर साइकिल सहित कुल करीब 6 लाख रुपये खर्च कर शादी की थी।
आरोप है कि पति दीप सिंह, सास नन्हीं देवी, जेठ हरिओम, जेठानी संतोष पत्नी हरिओम, गौरव व सौरभ पुत्रगण हरिओम निवासी शेखुपुरा असरासी दिये गये दान-दहेज से खुश नहीं थे। ससुरालीजन कहते थे कि तेरे माता-पिता ने शादी में शहर में एक प्लॉट नहीं दिया, प्लॉट खरीदने के लिए 10 लाख रुपये लाओ।
पीड़िता के अनुसार 01 सितंबर की शाम पति व ससुराल के उक्त लोगों ने एकराय होकर गाली-गलौज व प्रताड़ित करते हुए मारपीट की, पहने हुए कपड़ों में ही समस्त स्त्रीधन छीन लिया और मोटर साइकिल से मायके छोड़ दिया।
ससुराल वाले आज तक बुलाने नहीं आये हैं और 10 लाख रुपये की मांग पर अड़े हैं। धमकी दी है कि बिना 10 लाख लिये भेजा तो हम घर में नहीं रखेंगे और तुम्हारी लड़की को जान से मार देंगे।
पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामला दर्ज कर जांच निरीक्षक ज्योति सिंह को सौंपी है।|



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com