उझानी बदायूँ 2 नवंबर ।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के ग्राम अल्लापुर में एक पति ने अपनी पत्नी पर इंस्टाग्राम के प्रेमी के साथ मिलकर 80 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवरात चोरी कर दो बच्चों सहित फरार होने का आरोप लगाया है। थाने से सुनवाई न होने पर पीड़ित कोर्ट की शरण में पहुंचा है।
प्रार्थी जितेन्द्र पुत्र राजाराम निवासी ग्राम अल्लापुर,ने न्यायालय श्रीमान सीजेएम बदायूँ में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी लगभग 8 वर्ष पूर्व पुष्पादेवी के साथ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह बदायूँ में हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। इस वैवाहिक जीवन से दो बच्चे अजीत उम्र 6 वर्ष और कोमल उम्र 3 वर्ष हैं।
शुरुआत में पत्नी का व्यवहार सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद खराब हो गया। वह घर का सामान नष्ट करने लगी, बिना अनुमति घर की वस्तुओं को कबाड़ में बेच देती थी और पति की मजदूरी की कमाई भी छीन लेती थी।
19 दिसंबर 2025 को प्रार्थी रोज की तरह मजदूरी करने गया था। एक दिन पहले वह अपनी बहन से मकान की मरम्मत के लिए 80,000 रुपये उधार लाकर घर में रखा था। आरोप है कि उसी दिन उसकी पत्नी पुष्पादेवी अपने इंस्टाग्राम परिचित संजू कुमार उर्फ अमित कुमार के साथ मिलकर उक्त 80 हजार रुपये, घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात – सोने की चेन 1.5 तोला, अंगूठी 0.5 तोला, कुण्डल 1 तोला और चांदी की पायजेब 250 ग्राम चोरी कर दोनों बच्चों सहित फरार हो गई।
घटना के समय मौजूद प्रार्थी के बहनोई रक्षपाल और भाभी गुड्डीदेवी ने रोकने की कोशिश की तो अभियुक्तों ने उन्हें धमकाया और जबरन टेम्पो में बैठकर भाग गए।
घर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला और नकदी-जेवरात गायब थे। मोबाइल में इंस्टाग्राम चैट और कॉल डिटेल में संजू कुमार से लंबे समय से बातचीत मिली। फोन करने पर अभियुक्त ने खुद स्वीकार किया कि वह पत्नी, बच्चों, धन और जेवरात के साथ दिल्ली जा रहा है और धमकी दी कि तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पीड़ित कोतवाली उझानी गया, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और डांट-फटकार कर भगा दिया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ को प्रार्थना पत्र दिया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com