






कुंवर गांव बदांयू । आगामी त्योहारों को लेकर सोमवार को थाना कुंवर गांव परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सभी पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने की। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और समाजसेवियों ने भाग लिया।
थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि किए किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ संदेश को साझा नहीं करने की अपील की।
बैठक में त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। बैठक में मौजूद नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की बात कही। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रधान और नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com