बिसौली। नगर पालिका परिषद में लंबे समय तक अपनी निष्ठावान और पारदर्शी सेवाएं देने वाले लेखा लिपिक मशकूर खान के सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) के अवसर पर एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान माहौल कभी भावुक तो कभी ठहाकों से गूंजता नजर आया।
नगर पालिका मैदान में आयोजित समारोह में पहुंचे गणमान्य लोगों और अधिकारियों ने अपने बयानों के जरिए मशकूर खान के कार्यकाल के अनछुए पहलुओं को सबके सामने रखा। नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद ने कहा कि उनकी फाइलों में कभी ‘लाल फीताशाही’ नहीं दिखी, सिर्फ समाधान दिखा। ऐसे कर्मठ लेखा लिपिक का जाना नगर पालिका के लिए एक बड़ा खालीपन छोड़ गया है। पालिका कर्मचारियों ने अपने संबोधन में कहा कि रिटायरमेंट तो बस एक सरकारी प्रक्रिया है, लेकिन मशकूर साहब ने जिस तरह हर कर्मचारी के पीएफ, एरियर और सैलरी की फाइलों को अटके बिना समय पर पास कराया, वह काबिल-ए-तारीफ है। मशकूर खान ने भावुकता में कहा कि नौकरी के दौरान कई बार कड़े फैसले लेने पड़ते हैं, जिससे किसी का दिल दुखा हो तो मैं क्षमा प्रार्थी हूँ। नगर पालिका का यह परिवार हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा। समारोह के अंत में नगरपालिका के सभी अधिकारियों, सभाषदों और कर्मचारियों ने मशकूर खान को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर और उनके सुखी व स्वस्थ भविष्य की कामना की। इस दौरान कई सहकर्मियों की आंखें नम भी हुईं, लेकिन चेहरे पर उनके अच्छे कार्यों की खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम का संचालन सभासद एड. अभीक्ष पाठक एवं काजी शाहनवाज खां ने किया। अंत में सभी ने प्रीतिभोज का आनंद लिया। इस दौरान सीडीओ रामपुर गुलाब चंद्र, एडीएम सीतापुर खालिद अंजुम, पुलिस इंस्पेक्टर सर्वेंद्र कुमार शर्मा आदि प्रमुखता से उपस्थित रहे।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com