3:13 pm Sunday , 1 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी के कुंभकारों की 6 महीने की तपस्या से रोशन होगी शहर में घर-घर दिवाली।

नगर का 50 साल से एक ही परिवार थामे है मिट्टी के दीयों की लौ।

उझानी बदांयू 1 नवंबर।

दिवाली पर घरों को रोशन करने वाले मिट्टी के दीयों के पीछे कुंभ कार परिवारों की महीनों की मेहनत होती है। उझानी कस्बा के मोहल्ला बाज़ार कलां निवासी सेवक प्रजापति का परिवार 50 वर्षों से इस पारंपरिक कारोबार को आगे बढ़ा रहा है। दिवाली के लिए दीये और देवी-देवताओं की मूर्तियां बनाने की तैयारी वे छह महीने पहले से शुरू कर देते हैं।

सेवक ने बताया कि मिट्टी तैयार करने से लेकर दीये और मूर्तियां बनाने तक का पूरा काम परिवार खुद करता है। इसमें उन्हें सुखाना, रंगना और थोक बाजार में बेचना भी शामिल है। पहले हाथ से चलने वाले पत्थर के चाक पर दीये बनाने में बहुत मेहनत लगती थी। अब इलेक्ट्रिक चाक से यह काम कुछ आसान हो गया है।

सेवक प्रजापति के अनुसार, पत्थर के चाक से एक दिन में करीब एक हजार दीये बनते थे। इलेक्ट्रिक चाक से अब दो हजार से अधिक दीये प्रतिदिन तैयार हो रहे हैं। इससे उत्पादन में वृद्धि हुई है और मेहनत भी कम हुई है। त्योहार के मौसम में परिवार का पूरा घर एक छोटी कार्यशाला में बदल जाता है।

परिवार का सहयोग सेवक के बेटे ललित प्रजापति और राकेश प्रजापति पढ़ाई के साथ पिता का हाथ बंटाते हैं। वे दीये बनाने के साथ देवी-देवताओं की मूर्तियां भी तैयार करते हैं। परिवार खुद ही अपने तैयार उत्पादों की थोक बिक्री करता है। दिवाली का सीजन खत्म होने के बाद सेवक परिवार के भरण-पोषण के लिए ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं।

दीयों की कीमत में बदलाव के बारे में अमित ने बताया कि करीब 20 साल पहले एक हजार दीये 200 रुपये में मिलते थे। वहीं, वर्ष 2026 में 200 दीये 150 से 200 रुपये में बिक रहे हैं। त्योहार के मौसम में दीयों की मांग बढ़ने के साथ परिवार की मेहनत भी बढ़ जाती है। मिट्टी के दीयों को आकार देने से लेकर बाजार तक पहुंचाने का यह सफर परिवार की लगन दर्शाता है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.