बदायूं में यातायात माह नवंबर-2026 का आगाज, एसएसपी अंकिता शर्मा और विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
केशव गुप्ता
बाइक रैली निकालकर लोगों को किया यातायात नियमों के प्रति जागरूक, एसएसपी बोलीं—सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
बदायूं। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन्स बदायूं में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता मौजूद रहे।
इस दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अपनी निर्धारित लेन में चलने, स्टंट बाइकिंग से बचने और प्रेशर हॉर्न व मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी। पैदल यात्रियों से भी जेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के उपरांत सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से यातायात जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, इंद्रा चौक, लावेला चौक और जेल तिराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात और नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव, एआरटीओ हरिओम गौतम, प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार वर्मा सहित यातायात पुलिसकर्मी, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक, पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बदायूं पुलिस ने आमजन से की अपील
बदायूं पुलिस ने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। पुलिस का संदेश है कि आपका एक छोटा सा प्रयास किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकता है।
यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com