गुलड़िया बाजार में मोबाइल चोरी करते युवक को लोगों ने दबोचा, पुलिस के किया हवाले
केशव गुप्ता
बदायूं। जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुलड़िया बाजार में रविवार को मोबाइल चोरी करते हुए एक संदिग्ध युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद डायल 112 पर सूचना देकर युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मोबाइल चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गुलड़िया बाजार में पिछले कुछ दिनों से मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। किसरुआ निवासी कुंवर पाल सिंह ने बताया कि बाजार में एक युवक उनकी जेब में हाथ डाल रहा था। जब उन्होंने अपनी जेब चेक की तो मोबाइल गायब मिला। वहीं, सिताब नगर निवासी महेंद्र पाल का भी करीब 15 दिन पहले मोबाइल चोरी हो गया था। विकास कुमार का मोबाइल भी लगभग 15 दिन पहले रविवार को गुलड़िया बाजार से चोरी होने की बात सामने आई है।
रविवार को बाजार में मौजूद लोगों ने एक संदिग्ध युवक को मोबाइल चोरी करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने युवक सौंप दिया।
मोबाइल चोरी की घटनाओं से परेशान पीड़ितों ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र भी दिए हैं। उन्होंने मामले की जांच कर पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पकड़े गए युवक के खिलाफ लगे आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com