बदायूं में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन, 134 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
केशव गुप्ता
जनपद न्यायाधीश ने किया शिविर का शुभारंभ, पात्रों को सौंपी आवास व ट्रैक्टर की चाबी; एक ही छत के नीचे मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं
बदायूं, 01 नवंबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में रविवार को डायट परिसर में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 134 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विवेक संगल ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों के आगमन पर एनसीसी के विद्यार्थियों ने बैंड के माध्यम से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय बलजोर सिंह, अपर जिला जज प्रथम रिंकू जिंदल, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/त्वरित न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान योजना के लाभार्थियों को आवास एवं ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर लाभान्वित किया गया। शिविर में खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, कृषि, उद्यान, पशु चिकित्सा, मत्स्य, पंचायती राज, शिक्षा, अग्रणी जिला बैंक, डूडा, नेडा, विद्युत, श्रम, खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण, महिला कल्याण, प्रोबेशन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने की आपात स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश एवं अन्य अतिथियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं की ओर से ज्वलंत सामाजिक विषय पर प्रस्तुत नाटक ने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रभावित किया। सभी ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना की।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने कहा कि शासन की ओर से संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए। प्रयास होना चाहिए कि एक ही छत के नीचे अधिक से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भारत के सभी नागरिक समान हैं और सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं। नागरिकों को उनके अधिकार दिलाने तथा न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही विधिक सेवा प्राधिकरण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने शासन, प्रशासन और न्यायपालिका से आपसी समन्वय के साथ विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी ने बताया कि बृहद मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 134 लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के सभी 74 जनपदों में मेगा कैंप आयोजित किए गए थे, जिनमें 24 लाख 56 हजार 857 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए बदायूं में भी इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों के द्वार तक पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। इसके साथ ही नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक कर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी प्राथमिकता है।
जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार ने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com