बदायूं में ट्यूबवेल से केबल-स्टार्टर चोरी करने वाला गिरफ्तार, पांच स्टार्टर समेत चोरी का सामान बरामद
केशव गुप्ता
बदायूं। कादरचौक थाना पुलिस ने ट्यूबवेल से समरसेबिल की केबल और स्टार्टर चोरी करने के मामले में नसीबुल्ला उर्फ बब्लू निवासी वार्ड नंबर 17, ककराला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो समरसेबिल केबल और पांच स्टार्टर बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को असरासी गांव निवासी वादाम सिंह ने शिकायत दी थी कि खेतों पर ट्यूबवेल से केबल और स्टार्टर चोरी करते समय नसीबुल्ला उर्फ बब्लू को चोरी के सामान सहित पकड़ लिया गया था, जबकि उसके दो साथी नजीर निवासी अलाई नगला और फैजुल निवासी मोहल्ला पटिया, ककराला अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना कादरचौक में मुकदमा अपराध संख्या 323/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 20 हाथ लंबी सफेद केबल, 29 हाथ लंबी काली केबल और सम्राट डेल्टा कंपनी के तीन, बेनटेक्स का एक तथा डेन्टॉन कंपनी का एक स्टार्टर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अलापुर थाने में पहले से भी मारपीट, घर में घुसने, धमकी देने और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com