
पैक्स कर्मचारियों की वेतन समस्याओं के समाधान और बकाया भुगतान की मांग
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवर गांव बदायूं। प्रदेश की बी-पैक्स समितियों में कार्यरत कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान और लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग को लेकर पैक्स सचिव वेलफेयर सोसाइटी उत्तर प्रदेश एवं सहयोगी संगठनों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन के माध्यम से कैडर सचिवों, प्रभारी एवं नॉन कैडर सचिवों, आंकिकों, लिपिकों, विक्रेताओं, सहयोगियों तथा चौकीदारों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई है।
संगठन की ओर से बताया गया कि एक सितंबर 2026 को पैक्स सचिव वेलफेयर सोसाइटी उत्तर प्रदेश तथा सात सितंबर 2026 को सहयोगी संगठनों के प्रदेश नेतृत्व ने परिषद के पत्रांक संख्या 15/2026 के माध्यम से आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता, उत्तर प्रदेश को मांग-पत्र भेजा था। इसमें प्रदेश की बी-पैक्स समितियों में कार्यरत कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान और बकाया वेतन का भुगतान कराने की मांग की गई थी।
ज्ञापन के अनुसार, इस मामले को लेकर 21 सितंबर और पांच अक्टूबर 2026 को आयोजित बैठकों में विचार-विमर्श भी किया गया तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई। इसके बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और लंबित वेतन भुगतान को लेकर संगठन ने शासन स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर सहकारिता विभाग के माध्यम से कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं का निस्तारण कराने और बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ज्ञापन रामखिलाड़ी शर्मा, महामंत्री, जनपद बदायूं की ओर से माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित करते हुए सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता विभाग, बदायूं के माध्यम से प्रेषित किया गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com