7:35 pm Thursday , 22 October 2026
BREAKING NEWS

पोलिंग पार्टियां रवाना, कड़ी सुरक्षा में होगा मतदान


बदायूँ: 22 अक्टूबर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की गई। सभी पोलिंग पार्टियां अपने ड्यूटी स्थल पर पहंुच गई हैं।
जिलाधिकारी अवनीश राय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को मतपेटिका सहित अन्य चुनाव सामग्री देकर रवाना किया गया।
17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में- बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए चुनाव मैदान में समाजवादी पार्टी से हाजी दानिश अख्तर, भारतीय जनता पार्टी से डॉ0 हरी सिंह ढिल्लो, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नरेश कुमार शर्मा, नाज़ रिज़वी, नेत्रपाल, बहार आलम, रमेश चन्द्र, राजकुमार सिंह, कैप्टन(डॉ0) राजीव कुमार चौहान, डॉ0 राजेन्द्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, रोहिल अल्ताफ, विद्युत कुमार, विमलेन्द्र कुमार शर्मा ‘विमल’, गुरुजी संजय कुमार मिश्र, डॉ0 सुनीत गिरि तथा हरेन्द्र सिंह सहित 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।
किस मतदेय स्थल पर कितने मतदाता-जनपद बदायूँ में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक कराया जाएगा। कार्यालय नगर पालिका परिषद बदायूँ, मतदेय स्थल संख्या 32 पर 1308 मतदाता, कार्यालय नगर पालिका परिषद बिल्सी मतदेय स्थल संख्या 30 पर 309 तथा कार्यालय क्षेत्र पंचायत बिसौली मतदेय स्थल संख्या 26 पर 304, आसफपुर 27 पर 133, वजीरगंज 28 पर 157, सहसवान 29 पर 180, इस्लामनगर 31 पर 358, उझानी 33 पर 583, म्याऊँ 34 पर 407 एवं कार्यालय क्षेत्र पंचायत दातागंज मतदेय स्थल संख्या 35 पर 196 सहित कुल 3935 मतदाता हैं।
मतदेय स्थल की सुरक्षा व्यवस्था- बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए एकल मतदान केन्द्र पर 01 उप निरीक्षक पुलिस, 04 हेड कांस्टेबल/ कांस्टेबल व 02 महिला कांस्टेबल सहित कुल 07 पुलिस कर्मी, दोहरे मतदान केन्द्र पर 01 उप निरीक्षक पुलिस, 06 हेड कांस्टेबल/ कांस्टेबल व 04 महिला कांस्टेबल सहित कुल 11 पुलिस कर्मी को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त आवश्यक पीएसी बल की तैनाती रहेगी। सभी दस मतदेय स्थलों को 05 जोन में बांटा गया है तथा प्रत्येक मतदेय स्थल पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट को लगाया गया है।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पीठासीन अधिकारी अपने मतदान स्थल के प्रभारी के रूप में सभी व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान निर्वाचन की शुचिता, गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखना आवश्यक है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.