म्याऊं पुलिस चौकी की लापरवाही से हर तीसरे दिन हजारों लीटर पानी बर्बाद, मुख्य गली में जलभराव से राहगीर परेशान
केशव गुप्ता
दातागंज। म्याऊं कस्बे में पुलिस चौकी की समरसेबल से पानी की बर्बादी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चौकी में लगी समरसेबल को अक्सर चालू छोड़ दिया जाता है, जिससे हर तीसरे दिन हजारों लीटर पानी बहकर मुख्य गली में पहुंच जाता है। इसके चलते सड़क पर जलभराव और गंदगी की समस्या पैदा हो रही है। मुख्य गली से बड़ी संख्या में पैदल राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं, जिन्हें इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी से भरी गली से निकलने के दौरान राहगीरों के कपड़ों पर गंदे पानी के छींटे पड़ जाते हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूजा-पाठ के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। पानी की लगातार बर्बादी को लेकर पुलिस चौकी की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। एक ओर प्रशासन जल संरक्षण के लिए लाखों रुपये खर्च कर रहा है, वहीं दूसरी ओर समरसेबल से पानी बहने की शिकायत चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर समरसेबल को जरूरत के अनुसार चलाने, इस्तेमाल के बाद तत्काल बंद कराने और मुख्य गली में जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और राहगीरों को राहत मिल सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com