6:52 pm Friday , 23 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में 70.67% मतदान, दातागंज में सबसे अधिक वोटिंग

शिक्षक निर्वाचन में 70.67 प्रतिशत पड़े वोट, मतदान शांतिपूर्ण संपन्न
बदायूँ: 23 अक्टूबर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को जनपद बदायूँ में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने नगर पालिका परिषद बदायूँ तथा बिल्सी में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतदान के संबंध में जानकारी प्राप्त की और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा अपने निर्धारित दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में कुल 3,935 मतदाताओं के सापेक्ष प्रातः 10 बजे तक 569 मत पड़े, जो 16.49 प्रतिशत मतदान रहा। मध्याह्न 12 बजे तक 1,420 मत पड़ने के साथ मतदान प्रतिशत 36.09 रहा। अपराह्न 2 बजे तक 2,119 मत पड़े, जिससे मतदान प्रतिशत 53.85 हो गया। मतदान समाप्ति तक कुल 2,781 मत पड़े और इस प्रकार कुल 70.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान समाप्ति के पश्चात सभी 10 मतदेय स्थलों की सीलबंद मतपेटिकाएं प्राप्त कर ली गई हैं। इन सभी मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस बल की निगरानी में बरेली स्थित स्ट्रांग रूम में भेज दिया गया है। मतपेटिकाएं 27 अक्टूबर तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सुरक्षित रखी जाएंगी। मतगणना 27 अक्टूबर को बरेली में संपन्न होगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.