12:00 am Saturday , 24 October 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में धूमधाम से निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत; जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा नगर

कुंवरगांव संवाददाता,

कुंवरगांव बदायूं। कुंवरगांव नगर में शुक्रवार को भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई। राम बारात के दौरान नगर का माहौल भक्तिमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। बैंड-बाजों की धुन और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा नगर राममय नजर आया।

राम बारात का शुभारंभ ठाकुरद्वारा मंदिर से हुआ। इसके बाद बारात सर्राफा बाजार, पोरवाल मार्केट, मुख्य चौराहे, मौर्य समाज और ग्रामदेव मंदिर सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होकर रामलीला मैदान पहुंची। यहां मेला अध्यक्ष घनेन्द्र पाल सिंह ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी सहित अन्य स्वरूपों का तिलक कर स्वागत किया।

आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

राम बारात में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियों के साथ राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की मनमोहक झांकियां शामिल रहीं। आकर्षक सजावट और धार्मिक प्रस्तुतियों को देखने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, भक्तिमय रहा माहौल


बारात के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे और भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति रानी की ओर से राम बारात के दौरान नगर में साफ-सफाई तथा विभिन्न स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था कराई गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

राम बारात को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और निगरानी के बीच राम बारात सकुशल रामलीला मैदान पहुंची।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.