4:36 pm Thursday , 22 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में नवंबर-दिसंबर में होंगे विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम और नव प्रवर्तन प्रदर्शनी

बदायूं में नवंबर-दिसंबर में होंगे विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम और नव प्रवर्तन प्रदर्शनी, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी करेंगे प्रतिभाग

बदायूं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिला विज्ञान क्लब बदायूं की ओर से नवंबर और दिसंबर 2026 में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विज्ञान लोकप्रियकरण एवं संचार कार्यक्रमों के साथ नव प्रवर्तन प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, अंधविश्वास के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नवाचार को प्रोत्साहित करना है।

जिला विज्ञान क्लब के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अवनीश राय के आदेशानुसार आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए क्लब के समन्वयक विवेक जौहरी ने बताया कि 3 नवंबर को पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूं में अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक कार्यक्रम होगा। 4 नवंबर को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बदायूं में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

इसी क्रम में 14 नवंबर को विमला हरि भगवान इंटर कॉलेज, उझानी में ‘स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन’ विषय पर कार्यक्रम होगा। 28 नवंबर को मदर एथेना स्कूल बदायूं में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 30 नवंबर को गायत्री देवी हायर सेकेंडरी स्कूल, पृथ्वी नगला, उसहैत में सर सीवी रमन के जन्मदिवस के अवसर पर कार्यक्रम होगा। वहीं, 5 दिसंबर को श्री कृष्ण इंटर कॉलेज बदायूं में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

2 दिसंबर को लगेगी नव प्रवर्तन प्रदर्शनी

जनपद के असंगठित क्षेत्र के उन नव प्रवर्तकों को प्रोत्साहित करने के लिए, जिन्होंने सीमित संसाधनों और अभावों के बावजूद नए प्रयोग या खोज की हैं, 2 दिसंबर 2026 को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बदायूं में जनपद स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

इन कार्यक्रमों में विषय आधारित भाषण, पोस्टर, गमला सज्जा, वैज्ञानिक समाचारों की कतरन संग्रह तथा विज्ञान मॉडल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। जनपद के शिक्षण संस्थानों में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। विभाग की ओर से प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित भी किया जाएगा।

आयोजन के लिए समिति गठित

कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। मुख्य विकास अधिकारी उपाध्यक्ष और जिला विद्यालय निरीक्षक सचिव होंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि तथा जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक समिति के सदस्य होंगे।

जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक विवेक जौहरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार कार्यक्रमों का समन्वय करेंगे।

BDN INDIA — सत्य, निष्पक्ष और सबसे तेज
अपनी खबर 9084001002 पर दीजिए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.