4:37 pm Thursday , 22 October 2026
BREAKING NEWS

उघैती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 180 लीटर चोरी के डीजल सहित तीन गिरफ्तार


उघैती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 180 लीटर चोरी के डीजल सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

आयशर कैंटर, पांच ड्रम और तेल निकालने के उपकरण बरामद; आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी

बदायूं। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उघैती पुलिस ने चोरी के डीजल के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 180 लीटर चोरी का डीजल, पांच प्लास्टिक के ड्रम, तेल निकालने के उपकरण और एक आयशर कैंटर बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को उघैती थाना पुलिस ने इस्लामनगर रोड पर सत्यावती स्कूल के पास कार्रवाई करते हुए शादाब खान निवासी गौरमई, थाना कादरचौक, बदायूं; दानिश निवासी ढकौली, थाना अगौता, बुलंदशहर; और नौसेर निवासी देहरा, थाना धौलाना, हापुड़ को गिरफ्तार किया। बरामद पांच ड्रमों में से एक में करीब 180 लीटर डीजल भरा था, जबकि चार ड्रम खाली थे।

हाईवे पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 20 अक्टूबर की रात करनपुर टोल प्लाजा के पास खड़े एक ट्रक की टंकी का ताला तोड़कर पाइप की मदद से करीब 180 लीटर डीजल निकाला था। इसके बाद डीजल को बाल्टी और कीप की सहायता से ड्रम में भरकर कैंटर में रख लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी का डीजल कम कीमत पर वाहन चालकों को बेचते थे।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच प्लास्टिक ड्रम, तीन प्लास्टिक बाल्टियां, तेल निकालने का पाइप, कीप, पाना, रॉड, पेचकस, बोल्ट खोलने की चाबी और आयशर कैंटर संख्या UP15ET7566 बरामद किया है।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पूर्व के मुकदमे भी दर्ज हैं। नौसेर के विरुद्ध हापुड़, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत सहित विभिन्न जनपदों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। शादाब और दानिश के खिलाफ भी पूर्व के मुकदमों का उल्लेख किया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उघैती उदयवीर सिंह और उनकी पुलिस टीम शामिल रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.