6:09 pm Tuesday , 20 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: अवैध अस्पताल में प्रसूता की मौत, संचालिका हिरासत में, हॉस्पिटल सील

बदायूं: अवैध अस्पताल में प्रसूता की मौत, संचालिका हिरासत में, हॉस्पिटल सील।

बदायूं 20 अक्टूबर।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के बिल्सी रोड स्थित ग्राम लौंडा बहेड़ी में बिना पंजीकरण चल रहे एक निजी प्रसव केंद्र में प्रसूता की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी संचालिका को हिरासत में ले लिया, वहीं सीएमओ की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया है।

सगराम, थाना मुजरिया निवासी सुधीर कुमार की पत्नी मोनी साहू को सोमवार को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे पक्का बाग स्थित एक निजी प्रसव केंद्र पर ले गए। आरोप है कि केंद्र की संचालक गुड़िया उर्फ निशा तारिक ने खुद को जिला महिला अस्पताल में तैनात बताकर कहा कि मेरा निजी अस्पताल बिल्सी रोड, बहेड़ी पर है, वहां नॉर्मल डिलीवरी हो जाएगी, इसके लिए 30,000 रुपये फीस देनी होगी।

परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान अचानक महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पति सुधीर ने बताया – “मैंने अपनी पत्नी को दिखाने की बात कही तो मना कर दिया गया। कुछ देर बाद कहा गया कि तुम्हारी पत्नी की मौत हो गई है, इसे ले जाओ।

घटना की सूचना पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रसूता की मौत के मामले में आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर जांच की जा रही है, आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम भेजकर अवैध रूप से संचालित हो रहे अस्पताल को सील करा दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.