4:53 pm Wednesday , 21 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में अवैध प्रसव केंद्र पर बड़ा खुलासा, प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत;

बदायूं में अवैध प्रसव केंद्र पर बड़ा खुलासा, प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत; महिला अस्पताल की कर्मचारी समेत तीन गिरफ्तार

केशव गुप्ता

सुरक्षित प्रसव के नाम पर गर्भवती महिलाओं को घर ले जाने और मोटी रकम वसूलने का आरोप, स्वास्थ्य विभाग ने अवैध अस्पताल किया सील
बदायूं। जिले में सुरक्षित प्रसव के नाम पर गर्भवती महिलाओं को कथित तौर पर अपने घर ले जाकर प्रसव कराने और मोटी रकम वसूलने का मामला सामने आया है। मंगलवार को घर पर प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने महिला अस्पताल की कर्मचारी निशा उर्फ गुड़िया, उसकी बेटी चांदनी समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, निशा उर्फ गुड़िया पर आरोप है कि वह सुरक्षित प्रसव कराने के नाम पर गर्भवती महिलाओं को अस्पताल से अपने घर ले जाती थी और उनसे मोटी रकम वसूलती थी। मंगलवार को उसके घर पर एक गर्भवती महिला का प्रसव कराया जा रहा था। इसी दौरान महिला की हालत बिगड़ गई। इसके बाद निशा अपनी बेटी चांदनी के साथ उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गर्भवती की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने जिला अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निशा उर्फ गुड़िया, उसकी बेटी चांदनी समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिना पंजीकरण चल रहा था प्रसव केंद्र
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों की मांग पर निशा के घर में चल रहे कथित अवैध अस्पताल को सील कर दिया। बताया गया कि यह केंद्र बिना पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.