बदायूं में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार पर केस दर्ज
केशव गुप्ता
दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप, पांच महीने पहले हुई थी शादी; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
बदायूं। जिले के मुजरिया थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर 22 वर्षीय विवाहिता की हत्या किए जाने का आरोप लगा है। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अलापुर थाना क्षेत्र के विसारत नगर निवासी ब्रजराज के मुताबिक, उनकी बेटी नेहा की शादी 8 मई 2026 को दरियापुर गांव निवासी भुवनेश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पति भुवनेश, ससुर उदयवीर, सास विद्यादेवी और ननद सुमुन पर दो लाख रुपये की मांग करने तथा मांग पूरी न होने पर नेहा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
सुबह मिली बेटी की मौत की सूचना
ब्रजराज ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिली। उनके अनुसार, नेहा के सिर और कमर पर चोट के निशान भी मिले। घटना के बाद मायके पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com