5:25 pm Tuesday , 3 November 2026
BREAKING NEWS

इस्लामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ा

इस्लामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ा

बदायूं। इस्लामनगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिलों के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक और एक बाल अपचारी को पकड़ा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान इस्लामनगर-बहजोई मार्ग पर दो युवक बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों के साथ दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ और ई-चालान एप के माध्यम से वाहनों की जांच की।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान तनिष्क वार्ष्णेय (22 वर्ष), निवासी पक्का कटरा, चंदौसी, जनपद संभल तथा 17 वर्षीय बाल अपचारी कृष्णा, निवासी आवास विकास कॉलोनी, चंदौसी के रूप में हुई।

बंद भट्ठे के पीछे छिपा रखी थीं बाइकें

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने दो मोटरसाइकिलें चंदौसी के कैथल गेट और मुरादाबाद आरटीओ कार्यालय के पास से चोरी की थीं। चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें इस्लामनगर के पास एक बंद भट्ठे के पीछे छिपाकर रखी थीं। पुलिस ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर चार और मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

इस तरह पुलिस ने कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें हीरो स्प्लेंडर, हीरो स्प्लेंडर प्रो, बजाज सीटी 100 और हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य बाइक शामिल हैं। कुछ मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट गायब थीं, जबकि कुछ के चेसिस और इंजन नंबर भी मिटाए गए थे।

मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में थाना इस्लामनगर में मुकदमा अपराध संख्या 312/26 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(4), 317(5) और 318(4) में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार युवक और बाल अपचारी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप यादव, हेड कांस्टेबल ललित और कांस्टेबल जोनी यादव शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी और मामले के खुलासे पर इस्लामनगर पुलिस टीम की सराहना की।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.