


बदायूं में विहिप-बजरंग दल की जिला बैठक संपन्न, हुतात्मा दिवस पर रक्तदान कर शहीद कारसेवकों को दी श्रद्धांजलि
बदायूं। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा बदायूं में जिला टोली की बैठक एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, हुतात्मा दिवस और हित चिंतक अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सुधांशु ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह ने हित चिंतक अभियान की जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों एवं कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला। उन्होंने घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही जिले के पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर पर कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर जगत, सलारपुर, समरेर और कादरचौक सहित विभिन्न प्रखंडों में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नवीन दायित्वों की घोषणा भी की गई। विभाग प्रचारक सुधांशु ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, समाज की एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
रक्तदान कर शहीद कारसेवकों को दी श्रद्धांजलि
जिला बैठक के समापन के बाद सभी पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां हुतात्मा दिवस के अवसर पर शहीद कारसेवकों की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह ने कहा कि 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें कई कारसेवकों की जान चली गई थी। उन्हीं बलिदानी कारसेवकों को श्रद्धांजलि देने और मानव सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से बजरंग दल प्रतिवर्ष 2 नवंबर को रक्तदान कार्यक्रम आयोजित करता है।
रक्तदान करने वालों में जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, बजरंग दल जिला सहसंयोजक आशीष उपाध्याय, दुर्गेश कुमार, गौतम कुमार एवं बृजेश गुप्ता शामिल रहे।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक सुधांशु, जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला सहमंत्री राजेश बाबू, जिला उपाध्यक्ष डी.एन. शर्मा, मातृशक्ति जिला सहसंयोजिका प्रतिभा गुप्ता, सेवा प्रमुख पूर्णिमा सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष राजीव साहू, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, जिला धर्म प्रचार प्रमुख राजेश सपड़ा, जिला धर्माचार्य प्रमुख दीपक गुप्ता, जिला संपर्क प्रमुख नीरज शर्मा, बजरंग दल जिला सहसंयोजक आशीष उपाध्याय एवं धर्म प्रसार प्रमुख अचल सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com