3:53 pm Tuesday , 3 November 2026
BREAKING NEWS

दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने में धांधली का आरोप, सीएमओ कार्यालय पर दिव्यांगजनों का जोरदार प्रदर्शन

दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने में धांधली का आरोप, सीएमओ कार्यालय पर दिव्यांगजनों का जोरदार प्रदर्शन

केशव गुप्ता

बदायूं। मंगलवार दोपहर भारतीय दिव्यांग सेवा समिति के बैनर तले दिव्यांगजनों ने सीएमओ कार्यालय पर जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिव्यांग बोर्ड के डॉक्टरों पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने में पक्षपात और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि पैसे देने वालों को 100 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है, जबकि वास्तविक रूप से 100 प्रतिशत दिव्यांग होने के बावजूद पैसे न देने वाले लोगों को केवल 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद समिति ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें दिव्यांगजन अधिनियम-2016 को पूरी तरह लागू कराने, रोडवेज बसों में दिव्यांगजनों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार पर रोक लगाने, रुकी हुई पेंशन जारी कराने और पेंशन बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई।
इसके अलावा दिव्यांगजनों को आवास और आयुष्मान कार्ड की सुविधा दिलाने, स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने तथा गैस सिलेंडर और बिजली बिल में निशुल्क सुविधा देने की मांग भी शामिल रही।
समिति ने प्रशासन से दिव्यांगजनों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने और सीएमओ कार्यालय में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.