उसावां में बीडीओ प्रवीण कुमार का औचक निरीक्षण, बीज वितरण व्यवस्था का लिया जायजा
केशव गुप्ता
किसानों से सीधे किया संवाद, बुकिंग से लेकर बीज वितरण तक की प्रक्रिया पर जताया संतोष
उसावां (बदायूं)। विकासखंड उसावां में खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने राजकीय कृषि बीज भंडार का औचक निरीक्षण कर बीज बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों के कार्यों को परखा और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी कृषि महेश कुमार खोखर भी उनके साथ मौजूद रहे। बीडीओ ने बीज भंडार पर किसानों की बुकिंग, मशीन पर अंगूठा सत्यापन, रसीद जारी करने तथा नियमानुसार बीज वितरण की प्रक्रिया को बारीकी से देखा। इस दौरान समस्त स्टाफ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पाया गया।
बीडीओ प्रवीण कुमार ने किसानों से बातचीत कर पूछा कि उन्हें बीज प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि बुकिंग और अंगूठा सत्यापन के बाद रसीद प्राप्त कर उन्हें बीज उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने किसानों की समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को गंभीरता से सुना। उन्होंने बताया कि वह इस विकासखंड में नए आए हैं और इससे पूर्व वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। ग्रामीण विकास एवं कृषि विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचे और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
निरीक्षण के अंत में बीडीओ ने बीज बुकिंग, वितरण एवं किसान सहायता की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी कृषि महेश कुमार खोखर सहित राजकीय कृषि बीज भंडार का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com