12:21 pm Tuesday , 3 November 2026
BREAKING NEWS

उसावां पशु चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं का आरोप, सुबह 11 बजे तक लटका रहा ताला; पशुपालक परेशान

उसावां पशु चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं का आरोप, सुबह 11 बजे तक लटका रहा ताला; पशुपालक परेशान

केशव गुप्ता

डॉक्टरों की समय से अनुपस्थिति और दवाइयों की कमी से पशुपालकों को हो रही परेशानी, बाहर से दवाइयां खरीदने को मजबूर होने का आरोप

उसावां (बदायूं)। उसावां स्थित पशु चिकित्सा चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं को लेकर पशुपालकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। पशुपालकों का आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक चिकित्सालय में ताला लटका रहा और डॉक्टरों की मौजूदगी का कोई पता नहीं था। ऐसे में अपने बीमार पशुओं को लेकर पहुंचे पशुपालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और उन्हें निराश होकर वापस लौटने की परेशानी उठानी पड़ी।
पशुपालकों का कहना है कि पशु चिकित्सालय में डॉक्टरों के आने-जाने का कोई निर्धारित समय नजर नहीं आता। समय पर चिकित्सक उपलब्ध न होने से बीमार पशुओं का इलाज प्रभावित हो रहा है। वहीं, चिकित्सालय में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध न होने की भी शिकायत सामने आई है। आरोप है कि इलाज के दौरान कई बार दवाइयां बाहर मेडिकल स्टोर से खरीदने के लिए लिख दी जाती हैं, जिससे पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
ग्रामीण पशुपालकों का कहना है कि पशु उनके परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन हैं। ऐसे में समय पर इलाज और दवाइयां न मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पशुपालकों ने उठाई कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय पशुपालकों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर पशु चिकित्सालय में चिकित्सकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने, पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध कराने तथा नियमित निरीक्षण कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि आखिर पशुपालकों को सरकारी पशु चिकित्सालय में समय से इलाज और दवाइयां कब उपलब्ध होंगी? जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब ध्यान देंगे?

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.