10:01 pm Monday , 2 November 2026
BREAKING NEWS

एसएसपी अंकिता शर्मा ने थाना बिसौली का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा

एसएसपी अंकिता शर्मा ने थाना बिसौली का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा

केशव गुप्ता

अभिलेखों के रखरखाव से लेकर महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क तक का लिया जायजा, फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के दिए निर्देश

बिसौली (बदायूं)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने सोमवार को थाना बिसौली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय की व्यवस्थाओं, विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव और उनके अद्यतन की स्थिति को बारीकी से परखा।
एसएसपी ने सीसीटीएनएस पोर्टल पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मचारियों को सभी अभिलेखों एवं ऑनलाइन डाटा को समय से और त्रुटिरहित तरीके से अपडेट रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा पीड़ितों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उसके साथ शालीन व्यवहार करते हुए शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, सतर्कता और पुलिस की सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और तत्परता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.