कैबिनेट मंत्री ने आंवला कैम्प कार्यालय पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश।
आंवला। आंवला तहसील क्षेत्र में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने आंवला स्थित अपने कैम्प कार्यालय पर सोमवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनसुरक्षा, सुशासन और विकास है। त्योहारों के दौरान बाजारों और सड़कों पर आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता बरतें।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों को चिह्नित कर प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। उन्होंने बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए मंत्री ने तहसील स्तर पर अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एनडीआरएफ (NDRF) व एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को अलर्ट मोड पर रखने और 112 आपातकालीन सेवा को 24 घंटे पूरी तरह मुस्तैद रहने का आदेश दिया।
बैठक में मंत्री ने अधिशासी अधिकारी और अभियंताओं को कड़े शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान बिजली कटौती न हो और पेयजल आपूर्ति सुचारु रहे। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय, तहसीलदार अतुल सेन सिंह, अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी, अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com