दो महीने में दूसरी बार हुई वारदात से किसानों में दहशत, सिंचाई व्यवस्था प्रभावित; पुलिस से कार्रवाई की मांग
कुंवर गांव (बदायूं)। थाना कुंवर गांव क्षेत्र के गांव लाही फरीदपुर में चोरों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत आधा दर्जन से अधिक किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए। चोर नलकूपों के ताले तोड़कर और नकब लगाकर वारदात को अंजाम दे गए। दो महीने के भीतर दूसरी बार चोरी की घटनाएं होने से किसानों में दहशत का माहौल है। वहीं, उपकरण चोरी होने से खेतों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है।
गांव लाही फरीदपुर निवासी सालारपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुड्डू गाजी ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि क्षेत्र में चोर लगातार किसानों के नलकूपों को निशाना बना रहे हैं। चोरों ने गांव के अकरम, बब्लू, खलील अहमद, मेहंदी हसन, दिलावर और आरिफ समेत आधा दर्जन से अधिक किसानों के नलकूपों के ताले तोड़कर और नकब लगाकर हजारों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख के अनुसार, चोर दो महीने के भीतर इन्हीं नलकूपों में दूसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नलकूपों से जरूरी उपकरण चोरी होने के कारण किसान समय पर फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी पर भी असर पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि इससे पहले बनगढ़, सिगोई, हरहरपुर और इनायतगंज क्षेत्र में भी नलकूपों से चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। आरोप है कि इन मामलों में अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया है और न ही चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से किसानों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
किसानों ने पुलिस प्रशासन से नलकूपों में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही चोरी किए गए उपकरणों की बरामदगी की मांग भी उठाई है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com