बदायूँ: 31 अक्टूबर। 01 नवंबर 2026 से राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पेंशनरों के शत-प्रतिशत ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र प्राप्त किए जाने के निर्देश उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव ने जारी किए हैं।
वरिष्ठ कोषाधिकारी विकास चौधरी ने उक्त आशय की जानकारी देते हुए बताया कि कोषागार बदायूँ से पेंशन प्राप्त कर रहे ऐसे समस्त पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर, जो अभी तक अपना जीवित प्रमाण-पत्र कोषागार में प्रस्तुत नहीं कर सके हैं, वे अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन वेबसाइट www.jeevanpramaan.gov.in पर अपलोड कर कोषागार बदायूँ को प्रेषित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पेंशनर अपने स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से पहले आधार फेस आरडी ऐप इंस्टॉल करें। इसके बाद प्ले स्टोर से ही जीवन प्रमाण ऐप इंस्टॉल कर उसे ओपन करें और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र कोषागार बदायूँ को प्रेषित कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर यह सुविधा संबंधित कोषागार, बैंक, जनसेवा केंद्र, डाकघर तथा मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी संबंधित पेंशनरों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत करने की अपील की है, जिससे पेंशन संबंधी कार्यवाही सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com